
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। राजधानी के एक आवासीय क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कोबरा सांप घर के अंदर घुस आया। सुबह करीब 7:40 बजे घर में मौजूद लोगों ने सांप को देखा तो उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह बरामदे में खड़ी मोटरसाइकिल में जाकर छिप गया। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग और डायल-112 पुलिस को दी गई। पुलिस ने वन विभाग से संपर्क किया, जिसके बाद वन विभाग की ओर से सांप पकड़ने वाली रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया। रेस्क्यू विशेषज्ञ अजहर अंसारी अपनी टीम के साथ पहुंचे और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 10 बजे कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।परिजनों ने बताया कि लगभग एक वर्ष पहले भी यही सांप घर में दिखाई दिया था, लेकिन उस समय वह बाहर निकल गया था। तब से वह आसपास के क्षेत्र में कई बार देखा गया था। रविवार को दोबारा घर में घुसने से परिवार के लोग दहशत में आ गए।हालांकि समय रहते रेस्क्यू होने से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित रहे। परिवार ने वन विभाग, डायल-112 पुलिस और रेस्क्यू टीम का आभार जताते हुए कहा कि उनकी तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।