news-details

घाटमपुर ओवरब्रिज में दरार

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। घाटमपुर में कानपुर-हमीरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने ओवरब्रिज में दरार मिलने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर पुल को सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनएचएआई और निर्माण कंपनी पीएनसी इंफ्राटेक की टीमों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।एनएचएआई के परियोजना निदेशक पंकज यादव ने अधिकारियों के साथ पुल की स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि पुल पर खड़े एक डंपर को ठीक करने के दौरान भारी जैक के दबाव से संरचना में दरार आई हो सकती है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा।अधिकारियों के अनुसार पुल की संरचनात्मक मजबूती और भार वहन क्षमता का आकलन करने के लिए आईआईटी कानपुर की विशेषज्ञ टीम से जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।सोमवार से पुल की मरम्मत शुरू कराई जाएगी। फिलहाल यातायात को साइड लेन से संचालित किया जा रहा है। एनएचएआई ने स्पष्ट किया है कि मरम्मत और तकनीकी परीक्षण के बाद पहले छोटे वाहनों को अनुमति दी जाएगी, जबकि भारी वाहनों पर निर्णय विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा। वर्ष 2022 में करीब 37 करोड़ रुपये की लागत से बने इस ओवरब्रिज के रखरखाव की जिम्मेदारी वर्ष 2027 तक पीएनसी इंफ्राटेक के पास है।