news-details

गनपत सहाय महाविद्यालय में 'नारी , नये युग में' विषय पर संगोष्ठी का हुआ आयोजन

You can share this post!

 

 

सुलतानपुर। गुरुवार को गनपत सहाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में  महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ ओम प्रकाश पाण्डेय 'बजरंगी' जी के मार्गदर्शन और महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अंग्रेज सिंह राणा की अध्यक्षता में 'नारी : नये युग में' विषय पर एक  संगोष्ठी का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं प्राचार्य द्वारा माँ सरस्वती, श्री अरविंदो एवं श्रीमां की प्रतिमा पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात संगीत विभाग के द्वारा मां सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। संगोष्ठी में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित जिले के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. जे.पी. सिंह ने 'श्री अरविंदो के दर्शन में नारी का स्थान' विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महर्षि अरविंद के चिंतन में नारी केवल समाज का एक अंग नहीं, बल्कि शक्ति, चेतना और आध्यात्मिक रूपांतरण का मूल आधार है। नये युग में नारी की भूमिका और अधिक सशक्त हुई है। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अरविंदो सोसाइटी के अध्यक्ष एडवोकेट  बजरंग बहादुर सिंह ने उपस्थित जनसमूह को ध्यान (मेडिटेशन) कराया और मानसिक शांति व आत्म-चेतना के महत्व को समझाया। सोसाइटी के ही सदस्य श्री ज्ञान प्रकाश यादव ने भी नारी सशक्तिकरण एवं आधुनिक युग में उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अंग्रेज सिंह राणा ने संगोष्ठी के सफल आयोजन पर बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में वैचारिक परिपक्वता और सामाजिक चेतना का विकास होता है। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य द्वारा अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में मंच संचालन कार्यक्रम संयोजक डॉ. विष्णु शंकर अग्रहरि द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. शाहनवाज आलम, डॉ. भोलानाथ, डॉ. देवेन्द्र नाथ मिश्र, डॉ. मौसम गुप्ता, डॉ दिनकर प्रताप सिंह सहित अनेकों शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी की संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ। कार्यक्रम के अंत में सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की गई।