
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के पनकी रोड स्थित जीवन ज्योति अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद हंगामा हो गया। परिजनों ने डॉक्टरों और स्टाफ पर गलत ब्लड चढ़ाने और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।जानकारी के अनुसार, कन्नौज निवासी गौरव सिंह को पाइल्स के इलाज के लिए 9 मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान एक यूनिट ब्लड चढ़ाया गया और अगले दिन दोबारा ब्लड चढ़ाने के दौरान मरीज की हालत अचानक बिगड़ गई।परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मरीज की हालत बिगड़ने पर ICU में भर्ती करने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की गई और पैसे न देने पर अभद्र व्यवहार किया गया। इसके बाद मरीज की हालत और गंभीर हो गई और उसे मृत घोषित कर दिया गया।घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। करीब 18 घंटे बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में अस्पताल संचालक, डॉक्टर और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।वहीं एसीएमओ की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया, जहां रजिस्ट्रेशन नहीं मिलने पर नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया है। जवाब न देने पर अस्पताल को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।