news-details

गड्ढों में तब्दील कसया-रामकोला मार्ग, सपा ने दी आंदोलन की चेतावनी

You can share this post!

 

कसया, कुशीनगर। कसया से रामकोला जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर सोमवार को सपा नेता बंटी राव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग को ज्ञापन सौंपा। कसया से टेकुआटार और अमवा गांव तक जर्जर सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के साथ ही मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग की गई। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कई महीनों से सड़क की स्थिति खराब है। मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और जलभराव होने के कारण राहगीरों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। नेताओं के अनुसार, समस्या को लेकर विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।सपा नेता बंटी राव ने कहा कि करीब तीन माह पहले सड़क निर्माण का भरोसा दिया गया था। मुख्यमंत्री की ओर से भी सड़क निर्माण की घोषणा किए जाने की बात कही गई, लेकिन अभी तक धरातल पर निर्माण कार्य दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के साथ ही नई सड़क का निर्माण शीघ्र शुरू कराया जाना चाहिए।सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो लोक निर्माण विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन की जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी।पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता मुकेश यादव ने बताया कि सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया है। मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।इस दौरान प्रसून जायसवाल, शमशाद सोनू, राहुल सिंह, सिकंदर आलम, सुनील वर्मा, प्रदीप सिंह, अमित शुक्ला समेत अन्य लोग मौजूद रहे।