
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने गांधी और शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शॉल और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और अंत्योदय के विचार तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा आज भी सुशासन और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायी हैं। इन महापुरुषों के विचारों को अपने आचरण और प्रशासनिक दायित्वों में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।