news-details

गंदगी में बन रही थी सॉस, खाद्य विभाग की छापेमारी में हजारों लीटर उत्पाद जब्त

You can share this post!

 

कानपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्र में सॉस निर्माण इकाइयों पर औचक छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान बिना मानकों और लाइसेंस के गंदगी में सॉस का निर्माण पाए जाने पर बड़ी मात्रा में उत्पाद जब्त किए गए तथा कई नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।सहायक आयुक्त खाद्य के निर्देश पर निराला नगर स्थित सरोज नारायण इंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया गया। यहां ग्रीन चिली सॉस, स्नैक सॉस और सोया सॉस सहित छह नमूने लिए गए। पैकिंग तिथि, बेस्ट बिफोर और अन्य आवश्यक विवरण के बिना रखे गए 200 किलोग्राम ग्रीन चिली सॉस (कीमत 20 हजार रुपये) और 100 किलोग्राम स्नैक सॉस (कीमत 12 हजार रुपये) को सीज कर खाद्य कारोबारी की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखा गया। इसके अलावा विभिन्न ब्रांड के सोया सॉस, कलिनरी सॉस और एगलेस मेयोनीज़ के भी नमूने जांच के लिए लिए गए।इसके बाद बिठूर के बैकुंठपुर स्थित स्पार्क होम प्रोडक्ट में निरीक्षण के दौरान अत्यधिक गंदगी में रंग मिलाकर बिना लाइसेंस सॉस का निर्माण होता मिला। यहां से 380 लीटर चिली सॉस, 200 लीटर टोमेटो सॉस और 100 लीटर सोया सॉस जब्त किए गए। साथ ही करीब 380 लीटर खराब सॉस को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

इसी गांव में संचालित जीएसएस इंटरप्राइजेज में भी बिना लाइसेंस और अस्वच्छ परिस्थितियों में सॉस निर्माण पाया गया। यहां से चिली सॉस, सोया सॉस और वेजिटेबल सॉस के नमूने लेकर बड़ी मात्रा में उत्पाद जब्त किए गए तथा खराब सॉस को नष्ट कराया गया।खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित इकाइयों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।