
पारदर्शी विकास न्यूज़ ब्यूरो
उन्नाव। पुरवा कोतवाली क्षेत्र के तौरा गांव में बुधवार को नाश्ता बनाते समय घरेलू गैस सिलेंडर में लीकेज के कारण अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से चचेरे भाई-बहन अमन और कीर्ति झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।परिजनों ने दोनों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का इलाज जारी है।बताया जा रहा है कि घर में नाश्ता तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर में लीकेज होने से आग भड़क गई और अमन व कीर्ति उसकी चपेट में आ गए। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल ले गए।घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, हादसे की जानकारी मिलने पर गांव में भी लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों के मुताबिक दोनों की हालत पर चिकित्सक लगातार नजर बनाए हुए हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने घरेलू गैस सिलेंडर और रेगुलेटर की समय-समय पर जांच कराने की अपील की है।