गौरहा के पास टूटा एपी तटबंध, बाढ़ का खतरा बढ़ा
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। तमकुहीराज तहसील क्षेत्र में सोमवार देर रात एपी तटबंध जवही दयाल और बीरवट कोन्हवलिया के बीच गौरहा गांव के पास टूट गया। इससे आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया। सूचना पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और बाढ़ खंड के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीमें तटबंध की मरम्मत और स्थिति नियंत्रित करने में जुटी हैं।पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू भी देर रात घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने विभागीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे हजारों लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।लल्लू ने आरोप लगाया कि मंगलवार सुबह दोबारा प्रभावित क्षेत्र में जाने के दौरान पुलिस ने उन्हें घर के बाहर ही रोक दिया। समाजवादी नेता मधुर श्याम राय ने भी सोशल मीडिया पर अपने घर के बाहर पुलिस की मौजूदगी की तस्वीरें साझा कीं।लल्लू ने प्रशासन पर प्रभावित क्षेत्र में जाने से रोककर कमियों को छिपाने का आरोप लगाया और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के विरुद्ध बताया। हालांकि, उनके आरोपों पर पुलिस और प्रशासन की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। फिलहाल प्रशासन का ध्यान राहत, बचाव और तटबंध की मरम्मत पर है।