news-details

गौरी रतन बांगर में भीषण आग, 20 बीघा अरहर की फसल जलकर राख

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur Dehat

 सिकंदरा तहसील क्षेत्र के गौरी रतन बांगर गांव में शनिवार को भीषण आग लगने से किसानों की लगभग 20 बीघा अरहर की फसल जलकर राख हो गई। घटना से किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन इसे संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार गांव के किसान हब लाल, संतोष सिंह, धर्म सिंह, देव सिंह, सुरेश और अमर सिंह की कटी हुई अरहर की फसल खेतों में रखी थी। अचानक आग लगने से कुछ ही देर में लपटों ने विकराल रूप ले लिया और पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया।

खेतों से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास मौजूद चरवाहों ने ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने पुलिस बल और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी फसल जल चुकी थी।

घटना के बाद प्रभावित किसानों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। सिकंदरा एसडीएम प्रदुमन कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा।