
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र के किसान नगर पकरी गांव में चोरों ने ग्राम प्रधान के घर को निशाना बनाकर नकदी और लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। क्षेत्र में पिछले 25 दिनों के भीतर चोरी की यह तीसरी बड़ी घटना है, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल है।सूचना मिलने पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही है।किसान नगर पकरी गांव निवासी प्रभा सिंह लगातार तीन बार से ग्राम प्रधान हैं। उनके मंझले बेटे एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह गांव में अपनी पत्नी नीतू, बेटे आदित्य और बेटी दिव्यांशी के साथ रहते हैं।महेंद्र सिंह ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ चित्रकूट दर्शन के लिए गए थे, जबकि उनकी मां को महोबा के खरेला स्थित मायके में छोड़ दिया था। घर पर उनकी पत्नी और बेटी मौजूद थीं। सुरक्षा के चलते दोनों पुराने मकान में ताला लगाकर नए मकान में सो रही थीं।बुधवार भोर में चोर पुराने मकान की बाहरी कुंडी हटाकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद कमरे की कुंडी तोड़कर बक्से में रखी नकदी और लाखों रुपये कीमत के जेवरात चोरी कर लिए। हालांकि चोर पास में रखी अलमारी नहीं तोड़ पाए।सुबह जब नीतू पुराने मकान में पहुंचीं तो चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने इसकी सूचना परिवार और पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही महेंद्र सिंह चित्रकूट से वापस लौटे।मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी और एसीपी पनकी मनोज कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और डॉग स्क्वायड ने भी जांच की। खोजी कुत्ता पास स्थित मंदिर तक पहुंचा, जहां दानपात्र भी टूटा मिला।पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में भोर के समय तीन बाइक सवार समेत चार संदिग्ध दिखाई दिए हैं। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।