news-details

ग्राम पंचायत प्रसादपुर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम

You can share this post!

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन (महिला कल्याण विभाग) के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को ग्राम पंचायत प्रसादपुर में विधिक जागरूकता सह जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव/अपर जिला जज भुवन ने की।कार्यक्रम में अपर जिला जज ने ग्रामीणों को उनके विधिक अधिकारों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने कानूनी अधिकारों की जानकारी होना जरूरी है। जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था के बारे में भी उन्होंने विस्तार से बताया।हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन के डिस्ट्रिक्ट मिशन कोआर्डिनेटर नलिन सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य), मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह, प्रधानमंत्री मातृ वंदना तथा पारिवारिक लाभ योजना की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया समझाई। उन्होंने पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ लेने तथा अन्य पात्र लाभार्थियों को भी जागरूक करने की अपील की।वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर रीता यादव ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090, वन स्टॉप सेंटर/महिला हेल्पलाइन 181, 112, 108 और 102 के उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसी महिला के साथ हिंसा, उत्पीड़न या अन्य परेशानी होने पर वह 181 पर सहायता ले सकती है।कार्यक्रम में ग्राम प्रधान पंकज गुप्ता, पंचायत सहायक प्रवीण, सामाजिक कार्यकर्ता रामवृक्ष गिरि, पीएलवी डिम्पल उपाध्याय एवं अभिमन्यु सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को विधिक अधिकारों, महिला एवं बाल सुरक्षा, सरकारी योजनाओं तथा सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।