
Pardarshi Vikas News Kanpur
महाराजपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले 11 वर्षीय छात्र दिव्यांश की लखनऊ स्थित गुरुकुल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार को गुरुकुल के संचालक छात्र का शव कार से लेकर उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद परिवार और गांव में आक्रोश फैल गया है। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों के अनुसार, बच्चे के शरीर पर करीब 40 से अधिक चोटों के निशान मिले हैं। कई जगह सिगरेट से दागने जैसे निशान भी दिखाई दिए। आरोप है कि दिव्यांश को बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया। परिवार का कहना है कि अगर बच्चा बीमार होता तो वह जरूर घर पर बताता, क्योंकि वह नियमित रूप से फोन पर बात करता था।दिव्यांश के पिता नरेंद्र कुमार द्विवेदी, जो एक निजी फैक्ट्री में कार्यरत हैं, ने बताया कि 15 अप्रैल को उन्होंने बेटे का एडमिशन लखनऊ के आलमनगर स्थित एक गुरुकुल में कराया था, जहां मुफ्त वैदिक शिक्षा देने का दावा किया गया था। मंगलवार तक बच्चे से बातचीत सामान्य थी, लेकिन बुधवार सुबह अचानक सूचना मिली कि वह सीढ़ियों से गिर गया है। इसी बीच गुरुकुल संचालक शव लेकर घर पहुंचे और कुछ दूरी पर छोड़कर भाग निकले।घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा, जहां पहले परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। बाद में जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए और शव को ड्योढ़ी घाट ले जाया गया।सतीश महाना ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरा दुख व्यक्त किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि परिवार को आर्थिक सहायता और आवास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।वहीं, संदीप शुक्ला ने भी मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।महाराजपुर थाना पुलिस के अनुसार, मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम प्रक्रिया वीडियोग्राफी और पैनल की निगरानी में कराई गई है। जांच के लिए पुलिस टीम लखनऊ भेजी गई है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच जारी है।गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
पैनल और वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के लिए पुलिस की एक टीम लखनऊ भेजी गई है। सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।-इंस्पेक्टर सुनील कुमार वर्मा