
Pardarshi Vikas News Banda
चित्रकूटधाम मण्डल के आयुक्त अजीत कुमार ने शुक्रवार को गेहूं खरीद व्यवस्था की समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी दशा में वापस न किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना उचित कारण किसानों को लौटाने पर केंद्र प्रभारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने कहा कि गेहूं खरीद कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी क्रय केंद्रों पर किसानों से निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर ही खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि केवल फार्मर रजिस्ट्री के अभाव में किसी किसान को वापस न किया जाए। बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी केंद्र समय से खुले रहें और प्रभारी स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर कार्य कराएं। किसानों के लिए पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। आयुक्त ने जिलाधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश देते हुए कहा कि भंडारण और परिवहन की व्यवस्था समयबद्ध और सुरक्षित होनी चाहिए। किसी भी लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एफसीआई के मण्डलीय प्रबंधक के अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण तलब किया गया। बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।