
PARDARSHI VIKASH NEWS गंगा दशहरा के अवसर पर बुधवार को मथुरा के यमुना घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग यमुना में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे। प्रसिद्ध विश्राम घाट पर मथुरा समेत आसपास के जिलों और अन्य राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने स्नान कर पूजा-अर्चना की।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गंगा दशहरा के दिन पवित्र नदी में स्नान करने से पापों का नाश होता है और पुण्य की प्राप्ति होती है। इस बार अधिक मास के कारण पर्व दो बार मनाए जाने से श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिला।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने घाटों पर विशेष व्यवस्थाएं कीं। साफ-सफाई, पेयजल और चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई। महिलाओं के लिए अलग सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर घाटों पर पुलिस बल तैनात रहा। संभावित हादसों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग कराई गई और गोताखोरों की टीमें नावों व स्टीमर के जरिए लगातार निगरानी करती रहीं।नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पर्व को देखते हुए कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। सभी विभागों की टीमें घाटों पर तैनात हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा पर लगातार नजर रखी जा रही है।