
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। गंगा दशहरा मेले को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर के विभिन्न घाटों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष यातायात व्यवस्था लागू कर दी है। यह व्यवस्था 24 मई 2026 की रात 8 बजे से मेला समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए कई मार्गों पर भारी और मध्यम वाहनों के लिए डायवर्जन किया गया है। पुलिस ने बिठूर, चौबेपुर, मंधना और सरसैया घाट क्षेत्र में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।बिठूर और चौबेपुर रूट पर उन्नाव से आने वाले वाहनों को परियर पुल होकर बिठूर जाने से रोका गया है और उन्हें चकलवंशी, गंगा बैराज और मंधना मार्ग से डायवर्ट किया गया है। चौबेपुर से आने वाले भारी वाहन भी मंधना और गंगा बैराज की ओर भेजे जाएंगे।सरसैया घाट और वीआईपी रोड क्षेत्र में कई स्थानों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। मेघदूत, मर्चेंट चेंबर, डीएवी तिराहा और किला तिराहा से सरसैया घाट की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।पार्किंग व्यवस्था भी निर्धारित की गई है। उन्नाव और बिठूर रूट से आने वाले छोटे वाहन निर्धारित स्थानों पर पार्क किए जाएंगे, जबकि चौबेपुर, मंधना और सिंहपुर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि श्रद्धालु निर्धारित मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, जिससे मेले के दौरान यातायात सुचारु रूप से चलता रहे और किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ट्रैफिक पुलिस की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वीआईपी रोड और घाटों के आसपास अनावश्यक आवागमन से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। किसी भी असुविधा की स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल रूम 9305104340 और ग्रीन कॉरिडोर सेल 9454402413 पर संपर्क किया जा सकता है।