
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जाजमऊ गंगा पुल की प्रस्तावित मरम्मत फिलहाल टाल दी गई है। उन्नाव जिला प्रशासन से रूट डायवर्जन की अनुमति नहीं मिलने के कारण पुल पर तीन महीने का प्रस्तावित ट्रैफिक ब्लॉक सात दिन के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। सरैया रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है, जिसके चलते फिलहाल डायवर्जन लागू करना संभव नहीं हो पा रहा है।सोमवार को एनएचआई अधिकारियों ने उन्नाव के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था पर चर्चा की। बैठक में सेतु निगम और पीडब्ल्यूडी बक्सर के अधिकारियों ने सरैया ओवरब्रिज का काम पूरा करने के लिए सात दिन का अतिरिक्त समय मांगा है।एनएचआई लखनऊ से कानपुर की ओर आने वाले करीब 700 मीटर लंबे जाजमऊ गंगा पुल की बेयरिंग बदलने की तैयारी कर रहा है। मरम्मत के दौरान यातायात को दूसरे मार्ग से निकालने के लिए तीन महीने का रूट डायवर्जन प्रस्तावित है।अधिकारियों के अनुसार, सरैया पुल का काम पूरा होने के बाद डायवर्जन को लेकर दोबारा निर्णय लिया जाएगा। एनएचआई के परियोजना निदेशक पंकज यादव ने बताया कि सात दिन बाद स्थिति की समीक्षा कर रूट डायवर्जन पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। वहीं, देरी से मरम्मत कार्य और संबंधित एजेंसी की समयसीमा भी प्रभावित हो सकती है।