
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। परमट स्थित कमलेश्वर घाट पर शनिवार दोपहर गंगा में नहाते समय दो युवक डूब गए। घाट पर मौजूद नाविकों ने एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरे युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची ग्वालटोली पुलिस ने गोताखोरों की मदद से करीब डेढ़ घंटे की तलाश के बाद शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की पहचान पंकज रावत (22) निवासी चांदपुर, थाना दही, जनपद उन्नाव के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त अनुज कुशवाहा (27) के साथ श्री आनंदेश्वर मंदिर में दर्शन करने के बाद कमलेश्वर घाट पर स्नान करने आया था। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में फंस गए।नाविकों ने लाइफ जैकेट की मदद से अनुज को बचा लिया, लेकिन पंकज पानी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों ने तलाश अभियान चलाया और करीब डेढ़ घंटे बाद उसका शव बरामद किया।डूबने से बचे अनुज ने बताया कि दोनों तैरकर गंगा पार जाने का प्रयास कर रहे थे, तभी हादसा हो गया। युवक का शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।