
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। गंगाघाट नगर पालिका में करीब 21 करोड़ रुपये के टेंडर और विकास कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत के बाद बुधवार को जांच टीम नगर पालिका पहुंची। एडीएम राजस्व के आदेश पर गठित टीम ने कार्यालय में टेंडर, बजट और विकास कार्यों से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। इसके साथ ही अधिकारियों ने मौके पर जाकर कार्यों की स्थिति भी देखी।दोपहर करीब तीन बजे एडीएम नमामि गंगे विधेश कुमार की अगुवाई में टीम नगर पालिका पहुंची। टीम में पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता, सीनियर ट्रेजरी अधिकारी, नगर पालिका के ईओ और जेई शामिल रहे। अधिकारियों ने टेंडर से जुड़े रिकॉर्ड, बजट और कार्यों की फाइलों का मिलान किया।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उपलब्ध बजट से अधिक राशि के टेंडर बुलाए गए और कुछ कार्य कराए बिना भुगतान किया गया। जांच टीम ने गांधी नगर क्षेत्र की दो गलियों का निरीक्षण कर वहां हुए विकास कार्यों की स्थिति देखी। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी जानकारी ली और मौके की स्थिति का रिकॉर्ड से मिलान किया।अधिकारियों के मुताबिक जांच में सामने आए तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट एडीएम राजस्व को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।