
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर नगर निगम में दूसरे जोन और दूसरे वार्ड से जुड़ी कथित फर्जी फाइलों की जांच और कार्रवाई न होने से नाराज पार्षद सुधीर यादव ने धरना-प्रदर्शन की घोषणा की है। पार्षद के मुताबिक, करीब एक माह पहले उन्होंने साथी पार्षदों के साथ नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर धरना दिया था। उस दौरान नगर निगम अधिकारियों की ओर से संबंधित फाइलों की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया गया था।सुधीर यादव का कहना है कि एक माह का समय बीतने के बावजूद अब तक जांच में किसी तरह की कार्रवाई सामने नहीं आई है। इसी को लेकर उन्होंने 9 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करने की बात कही है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन को यह भी स्पष्ट किया कि यदि सुबह 11 बजे तक कार्रवाई की सूचना दे दी जाती है तो प्रस्तावित धरना स्थगित कर दिया जाएगा।पार्षद ने कहा कि उनका उद्देश्य मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई सुनिश्चित कराना है। उन्होंने जनता के हित को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में वह क्षेत्र की समस्याओं को लगातार उठाते रहेंगे।