
पारदर्शी विकास न्यूज़, वाराणसी। सामनेघाट स्थित फोर्ड सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में आधुनिक कार्डियक केयर सुविधाओं के विस्तार के तहत अत्याधुनिक कैथ लैब का भव्य शुभारंभ किया गया। अस्पताल प्रबंधन की इस पहल को हृदय रोगों की जांच और उपचार से जुड़ी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एनएबीएच प्रमाणित फोर्ड हॉस्पिटल में शुरू की गई इस सुविधा का उद्देश्य मरीजों को उन्नत चिकित्सा तकनीक का लाभ उपलब्ध कराना है।अस्पताल के निदेशक डॉ. मनीष सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नवीनतम चिकित्सा तकनीक अपनाना आवश्यक है। आधुनिक कैथ लैब की शुरुआत से हृदय रोगियों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने इसे अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।शुभारंभ समारोह में चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. पारुल सिंह, डॉ. रवि रंजन, डॉ. श्वेता शाही, डॉ. जिज्ञासु सिंह, डॉ. मनीष कुमार सिंह, डॉ. शेखर वर्मा, डॉ. विजय सिंह, डॉ. ब्रजेश कुमार राय, डॉ. गौरव श्रीवास्तव, डॉ. रवि कुमार और अखिलेश त्रिपाठी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। अस्पताल प्रबंधन ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस सुविधा से वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है।