
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र स्थित शालीमार वन वर्ल्ड टावर-सी1 में मंगलवार तड़के एक युवती का शव फ्लैट के भीतर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव को कब्जे में लिया।पुलिस के अनुसार, 12 मई 2026 की रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली कि फ्लैट नंबर 804 का दरवाजा अंदर से बंद है और कोई जवाब नहीं मिल रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा कर्मियों की मदद से दरवाजा तोड़ा, जहां 32 वर्षीय रतना सिंह का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।मृतका मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली थी और गोमतीनगर विस्तार स्थित सैलून में मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। वह फ्लैट में अकेली रह रही थी।घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसे जांच में लिया गया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।