
Pardarshi Vikas News Lucknow
चौधरी चरण सिंह (अमौसी) एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के बैग से 26 कारतूस मिलने से हड़कंप मच गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने तुरंत यात्री को हिरासत में लेकर सरोजनी नगर पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, बांदा जिले के आम बाग निवासी संजीव अवस्थी इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली जाने के लिए सुबह 9:10 बजे एयरपोर्ट पहुंचे थे। जांच के दौरान उनके बैग से .32 बोर रिवॉल्वर के 18 और 30.06 एमएम राइफल के 8 कारतूस बरामद हुए। घटना के बाद यात्री को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। बाद में उन्होंने अपने शस्त्र लाइसेंस प्रस्तुत किए, जिनकी पुलिस द्वारा जांच की गई। दस्तावेज सही पाए जाने के बाद कारतूस जब्त कर यात्री को छोड़ दिया गया। पुलिस पूछताछ में संजीव अवस्थी ने बताया कि कारतूस गलती से बैग में रह गए थे। हालांकि इस घटना के चलते उनकी दिल्ली की उड़ान छूट गई। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।