
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। हाटा विकासखंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय करमहा में तैनात खेल अनुदेशक बैजनाथ कन्नौजिया द्वितीय एशियन मास्टर्स स्वीमिंग चैंपियनशिप-2026 में प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने उन्हें नियमानुसार विद्यालय से कार्यमुक्त करने के निर्देश जारी किए हैं।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने 30 सितंबर को जारी आदेश में बताया कि उत्तर प्रदेश तैराकी संघ के मानद सचिव की ओर से भेजे गए पत्र में बैजनाथ कन्नौजिया का नाम शामिल है। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
बैजनाथ कन्नौजिया ने 28 सितंबर को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रत्यावेदन देकर प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए विशेष अवकाश की मांग की थी। द्वितीय एशियन मास्टर्स स्वीमिंग चैंपियनशिप का आयोजन 4 से 10 अक्टूबर तक बेंगलुरु, कर्नाटक में राष्ट्रीय तैराकी संघ और एशियन तैराकी संघ की ओर से किया जाएगा।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी हाटा को उन्हें नियमानुसार विद्यालय से कार्यमुक्त करने का निर्देश दिया है। आदेश के अनुसार प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए विभाग की ओर से यात्रा भत्ता या मार्ग व्यय नहीं दिया जाएगा।