news-details

एलएलबी छात्रों की समस्याओं को लेकर विधि छात्र मोर्चा का प्रदर्शन, कुलपति के नाम सौंपा मांग पत्र

You can share this post!

 

कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के एलएलबी छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को विधि छात्र मोर्चा ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कुलपति के नाम मांग पत्र सौंपा। मोर्चा ने एलएलबी चतुर्थ सेमेस्टर के परिणाम में बड़ी संख्या में छात्रों के रिजल्ट पर अंकित 'BPRD' को लेकर आपत्ति जताते हुए इसका अर्थ स्पष्ट करने और प्रभावित छात्रों के परिणाम शीघ्र अपडेट करने की मांग की।मांग पत्र में छात्रों ने वर्तमान 'अल्टरनेट चांस' व्यवस्था समाप्त कर प्रत्येक सेमेस्टर परीक्षा के साथ बैक पेपर परीक्षा आयोजित करने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि मौजूदा व्यवस्था के कारण छात्रों का एक वर्ष बर्बाद हो जाता है, जिससे उनकी पढ़ाई और भविष्य दोनों प्रभावित होते हैं।विधि छात्र मोर्चा के पदाधिकारी और छात्र विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में कुलपति से मिलने के लिए जा रहे थे, लेकिन पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें मुख्य द्वार पर ही रोक दिया। इसे लेकर छात्रों ने विरोध जताया और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।मोर्चा संचालक एवं छात्र नेता अनुज त्रिपाठी ने कहा कि विभिन्न संबद्ध महाविद्यालयों और कई जनपदों से छात्र अपनी समस्याओं को लेकर विश्वविद्यालय पहुंचे थे, लेकिन उन्हें कुलपति से मिलने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि संबद्ध महाविद्यालयों के छात्रों को विश्वविद्यालय प्रशासन से मिलने से क्यों रोका जा रहा है। करीब आधे घंटे तक चली वार्ता के बाद परीक्षा नियंत्रक डॉ. राकेश कुमार मुख्य द्वार पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों की समस्याएं सुनीं और 'BPRD' से संबंधित मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए परिणाम अपडेट कराने का आश्वासन दिया।विधि छात्र मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर शीघ्र और संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।इस दौरान विनय यादव, शिव श्याम पाल, सुमित सोनी, आनंद बाजपेयी, अमरजीत सिंह, सचिन गुप्ता, सोनल वर्मा, प्रीति सिंह सहित विभिन्न महाविद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।