
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ।मोहान रोड स्थित शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय परिसर में बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के बाहर सोमवार को खाताधारकों ने एफडी फर्जीवाड़े के विरोध में प्रदर्शन किया। लोगों ने बैंक का शटर गिराकर करीब ढाई घंटे तक नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान गर्मी और भीड़ के कारण पांच महिला खाताधारकों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने पानी की छींटें डालकर उन्हें संभाला।खाताधारकों का आरोप है कि बैंक प्रबंधन ने एक सप्ताह में जमा राशि लौटाने का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ। सूचना पर पुलिस और बैंक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जल्द भुगतान का आश्वासन दिया।बताया जा रहा है कि एफडी के नाम पर अधिक ब्याज का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये जमा कराए गए थे। मामले में आरोपी बैंक मित्र और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया जा चुका है। खाताधारकों ने चेतावनी दी है कि जल्द पैसा वापस नहीं मिला तो आंदोलन तेज किया जाएगा।