
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी।
महमूरगंज स्थित डिवाइन संस्कारशाला में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और भगवान श्रीकृष्ण व राधा की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की गई। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने कृष्ण-राधा का स्वरूप धारण कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों ने केक काटकर जन्माष्टमी उत्सव मनाया। इसके बाद बच्चों ने सामूहिक रास और नृत्य प्रस्तुत किया। भक्ति गीतों एवं मधुर संगीत से पूरा वातावरण कृष्णमय हो गया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने अभिभावकों और अतिथियों को भाव-विभोर कर दिया।
इस दौरान बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, आदर्शों तथा प्रेम, करुणा, सत्य और सद्भाव के संदेश से परिचित कराया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और संस्कारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह में डिस्ट्रिक्ट बॉडीबिल्डिंग एसोसिएशन की जनरल सेक्रेटरी सरोज चौधरी, बीके लता, बीके यश, बीके हर्ष सहित महमूरगंज क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का समापन सभी के सुख, शांति और मंगलकामना के साथ हुआ।