
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण बस हादसे के बाद घायलों और उनके परिजनों का दर्द सामने आ रहा है। दिल्ली से गोरखपुर जा रहे विनय और उनकी पत्नी जानकी भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। विनय के साले अनिल प्रजापति ने बताया कि उनके बहनोई के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने पैर में गहरा घाव होने की वजह से उसे काटने की आशंका जताई है। अनिल ने कहा कि ड्राइवर की झपकी ने पूरे परिवार को जिंदगी भर का दर्द दे दिया।हादसे में दिल्ली में नौकरी करने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर लारेब आलम भी घायल हुए हैं। उनके दोस्त मोहम्मद आकिब खान ने बताया कि लारेब के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही वह केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां सभी घायलों का इलाज शुरू किया गया।वहीं, नोएडा से बस्ती जा रहे नाबालिग आर्यन भी हादसे में घायल हुए। उसके मामा सुभाष ने बताया कि डॉक्टरों ने फिलहाल हालत स्थिर बताई है। कई अन्य परिवार भी अपने परिजनों को देखने ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां अफरा-तफरी का माहौल रहा।डॉक्टरों के अनुसार, हादसे में घायल 25 लोगों का इलाज जारी है, जिनमें पांच की हालत गंभीर बनी हुई है।