
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। बंथरा-उम्मेद खेड़ा रोड पर बंथरा बाजार के पास तेज रफ्तार डंपर ने सड़क पार कर रहे बालक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा, जिससे बालक कुछ दूरी तक डंपर के नीचे फंसकर घिसटता रहा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 7 बजे की है। बंथरा बाजार निवासी मंदौस थारू का पुत्र मानस सड़क पार कर रहा था, तभी डंपर की चपेट में आ गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए डंपर का पीछा किया और चालक को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल मानस को तत्काल सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। हालांकि ट्रॉमा सेंटर पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।