
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ।
पूर्व विधायक स्वर्गीय डी.पी. बोरा की जयंती की पूर्व संध्या पर उनके द्वारा बसाए गए कश्यप नगर में बोरा फाउंडेशन की ओर से मातृ शक्ति सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 250 माताओं और बहनों को सम्मानित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। समारोह का उद्देश्य स्वर्गीय डी.पी. बोरा की स्मृतियों को जनसेवा से जोड़ते हुए मातृशक्ति का सम्मान करना और उनके स्नेह एवं आशीर्वाद को प्राप्त करना रहा। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा, बोरा फाउंडेशन की चेयरपर्सन बिंदु बोरा और निदेशक इंजीनियर वत्सल बोरा ने मातृशक्ति को साड़ी एवं उपहार भेंट किए। साथ ही सभी के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। परिवार के सदस्यों ने माताओं और बहनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय डी.पी. बोरा से जुड़ी पुरानी स्मृतियों को साझा किया गया। उनके सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े संस्मरण भी सुनाए गए। समारोह में मातृशक्ति के सम्मान के साथ डी.पी. बोरा के जनसेवा से जुड़े कार्यों को भी याद किया गया।