
पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लिया जायजा
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जिलाधिकारी शशांक चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने बुधवार को जिला अस्पताल परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर का संयुक्त रूप से आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सेंटर में संचालित व्यवस्थाओं, पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा शिकायतों पर की जाने वाली कार्रवाई की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थिति रजिस्टर, केस रजिस्टर, फॉलोअप रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने सेंटर पर प्रकरण प्राप्त होने के बाद की जाने वाली कार्रवाई, संबंधित मामलों की निगरानी तथा पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता के संबंध में उपस्थित कर्मचारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने वन स्टॉप सेंटर में आने वाली पीड़ित महिलाओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा उनके मामलों में नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेंटर में आने वाली महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपनी समस्याएं साझा कर सकें और उन्हें आवश्यक सहयोग मिल सके। उन्होंने सेंटर में साफ-सफाई बनाए रखने, सभी अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव करने तथा महिलाओं के ठहरने, खानपान और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सेंटर की कार्यप्रणाली से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी गौरीगंज सहित वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारी उपस्थित रहे।