
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी और एसडीएम सदर ने मंगलवार रात 11:30 बजे शहर में चल रहे सड़क निर्माण, पैचवर्क और मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुधारने और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। बजरिया थाने के सामने नाला रोड पर नगर निगम द्वारा 18 लाख रुपये की लागत से करीब 450 मीटर लंबे पैचवर्क का निरीक्षण किया गया। यहां सड़क के समतलीकरण और पैच की फिनिशिंग में कमी मिलने पर संबंधित जोनल अभियंता को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए गए।इसके बाद चुन्नीगंज चौराहे से राजीव पेट्रोल पंप तक लोक निर्माण विभाग के सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया गया। करीब 1.7 किलोमीटर लंबे इस कार्य पर 101.44 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। डीएम ने काम जल्द पूरा कर मार्ग को आवागमन के लिए सुचारु करने के निर्देश दिए।स्वरूप नगर में मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के कार्यों की समीक्षा के दौरान दीपावली से पहले काम पूरा करने पर जोर दिया गया। कार्यदायी संस्था ने दो नवंबर तक मार्ग के एक ओर का काम पूरा कर रास्ता साफ करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के अनुसार, कुल चार कार्यों में से तीन नवंबर माह तक पूरे करने का लक्ष्य है।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गुणवत्ता, समयबद्धता और जनसुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।