
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शुक्रवार रात शहर में औचक निरीक्षण कर सड़क निर्माण और सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। अधिकारियों ने दीप सिनेमा के पास सीएम-ग्रिड्स योजना के तहत बन रही 3.10 किलोमीटर लंबी सड़क का निरीक्षण किया। डीएम ने निर्माण कार्य में तेजी लाने और हर हाल में 30 अक्टूबर तक सड़क का काम उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण के प्रत्येक चरण में तकनीकी मानकों का पालन अनिवार्य है और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सड़क निर्माण के दूसरे चरण में सितंबर में 924.84 लाख रुपये की दूसरी किश्त जारी की गई है। इसके बाद अधिकारियों ने गौशाला चौराहा और जूही स्थित जीवीपी तथा पीसीटीएस का निरीक्षण किया। डीएम ने सड़क पर कूड़ा फैलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने दीपावली सहित त्योहारों के दौरान दो पालियों में कूड़ा उठान कराने और विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे।