
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। ओईएफ फूलबाग के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. अनिल रंगा ने गुरुवार को ट्रूप कंफर्ट्स लिमिटेड (टीसीएल), कानपुर के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का पदभार ग्रहण किया। इससे पहले बुधवार को किला मजदूर यूनियन की ओर से ओईएफ के एचआरडी हॉल में विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में यूनियन के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने डॉ. रंगा को माला पहनाकर, बुके, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। राष्ट्रीय सुरक्षा कर्मचारी महासंघ के उपाध्यक्ष एच.एन. तिवारी और यूनियन के संयुक्त मंत्री बृजेश तिवारी ने ओईएफ में उनके कार्यकाल के दौरान हुए कार्यों और उपलब्धियों की सराहना की।यूनियन महामंत्री समीर बाजपेई ने डॉ. रंगा के व्यक्तित्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका टीसीएल का सीएमडी बनना ओईएफ फूलबाग के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में टीसीएल समूह रक्षा उत्पादन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में आगे बढ़ेगा।डॉ. रंगा ने कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने निर्माणी के लिए एक हजार करोड़ रुपये का लक्ष्य हासिल करने की उम्मीद जताई। समारोह में यूनियन और फेडरेशन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।