
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर । गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र मैथानी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में वह गुजैनी स्थित छठी मइया घाट के पास नहर सफाई से निकली सिल्ट डाले जाने की सूचना मिलने पर सिंचाई विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को फोन पर कड़ी नाराजगी जताते दिखाई दे रहे हैं।जानकारी के अनुसार, सिंचाई विभाग द्वारा नहर की सफाई कराई जा रही थी। इस दौरान निकाली गई सिल्ट को छठी मइया घाट के आसपास डालने की तैयारी की जा रही थी। इसकी सूचना मिलने पर विधायक ने स्थानीय लोगों से बात की और विभागीय कर्मचारियों से फोन पर संपर्क कर तत्काल काम रोकने के निर्देश दिए।वायरल वीडियो में विधायक कहते सुनाई दे रहे हैं कि छठी मइया घाट श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और यहां किसी भी प्रकार की सिल्ट नहीं डाली जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि पोकलैंड मशीन को तुरंत वहां से हटाया जाए और घाट की बेदियों या पूजा स्थल को किसी भी तरह का नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए।विधायक ने कहा कि छठ पूजा के दौरान इस घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थल की पवित्रता और संरचना को सुरक्षित रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से सीधे बात कराने को भी कहा और स्पष्ट किया कि आस्था से जुड़े स्थानों पर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।स्थानीय लोगों ने भी घाट के पास सिल्ट डाले जाने की आशंका पर चिंता जताई थी। विधायक के हस्तक्षेप के बाद घाट क्षेत्र में सिल्ट न डालने और धार्मिक स्थल को सुरक्षित रखने का आश्वासन दिया गया।
