
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में करियर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया गया। चाइल्ड हेल्पलाइन टीम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर के बेहतर अवसरों की जानकारी दी गई।चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क मार्गदर्शन और कोचिंग की सुविधा मिलती है। उन्होंने यूपीएससी, यूपीपीएससी, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, एसएससी, बीएड और टीईटी सहित अन्य परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में जानकारी दी। साथ ही छात्राओं को अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के दिनेश तिवारी, नीरज पांडेय, रीता सिंह, प्रधानाध्यापिका अंजू सिंह, साधना, ज्योति सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।