
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अब ट्रस्ट के भीतर भी आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास महाराज ने पूर्व पदाधिकारी गोपाल राव पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरी गलती उनकी है और वे मामले का राजनीतिकरण कर रहे हैं। उधर, अयोध्या बार एसोसिएशन के सैकड़ों वकीलों ने चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और पुलिस को शिकायत सौंपी।पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। गुरुवार को जांच टीम राम मंदिर पहुंची और चढ़ावे की गिनती की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। कर्मचारियों से पूछताछ कर आरोपियों की भूमिका और मंदिर की व्यवस्थाओं में उनकी भागीदारी की जानकारी जुटाई गई। इससे पहले मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला से जेल में पूछताछ की जा चुकी है और अब उसे पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। वहीं, ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा से भी पूछताछ की संभावना है।सूत्रों के अनुसार, प्रशासन आरोपियों के निर्माणाधीन मकानों की भी जांच कर रहा है। यदि निर्माण नियमों का उल्लंघन पाया गया तो कार्रवाई की जा सकती है। गौरतलब है कि चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद एसआईटी जांच जारी है और अब तक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।