
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र में शादी से इनकार करने पर एक महिला पर कथित तौर पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रिटायर्ड आईएएस अधिकारी के बेटे देवाशीष निगम (38) ने चलती कार में विवाद के बाद महिला के साथ मारपीट की और ईंट से उसके सिर व चेहरे पर कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम देवाशीष निगम अपनी कार से महिला को लेकर बिठूर स्थित ब्रह्मघाट की ओर जा रहा था। रास्ते में दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि महिला द्वारा शादी से इनकार करने पर आरोपी ने कार रोक दी और पहले उसके साथ मारपीट की। इसके बाद सड़क किनारे पड़ी ईंट उठाकर कार का शीशा तोड़ा और महिला को बाहर खींचकर उस पर कई वार किए।महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल महिला को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उसका उपचार जारी है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल महिला आईआईटी कानपुर में कार्यरत है। उसने पुलिस को बताया कि आरोपी पिछले कुछ समय से उस पर शादी का दबाव बना रहा था। जब उसने इससे इनकार किया तो आरोपी ने गुस्से में आकर उस पर हमला कर दिया। पीड़िता के परिजनों का भी आरोप है कि आरोपी पहले से उसे धमकाता था और अपने प्रभावशाली पारिवारिक पृष्ठभूमि का हवाला देकर डराने का प्रयास करता था।घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और क्षतिग्रस्त कार को भी कब्जे में लिया है।डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।-डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम अबिदी