
अब जांच के घेरे में ऑपरेशन!
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर में एक महिला के पेट में ऑपरेशन के दौरान तौलिया छूटने का आरोप सामने आया है। चार महीने बाद दोबारा सर्जरी के दौरान तौलिया निकलने पर परिवार ने चिकित्सकीय लापरवाही की शिकायत की है। मामले में जांच के बाद ही जिम्मेदारी तय होगी। कानपुर देहात निवासी वीरेंद्र कुमार के मुताबिक, उनकी 24 वर्षीय पत्नी सोनी को पेट में तेज दर्द होने पर 10 जून 2026 को ऑपरेशन के लिए भर्ती कराया गया था। पति का आरोप है कि इलाज के नाम पर करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च हुए, लेकिन कुछ समय बाद महिला को फिर दर्द होने लगा। ऑपरेशन वाले स्थान से मवाद निकलने पर परिजन उसे अकबरपुर के अस्पताल ले गए। 13 अक्टूबर को दोबारा सर्जरी के दौरान पेट से तौलिया निकाला गया। फिलहाल महिला का इलाज जारी है।वीरेंद्र ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल और कल्याणपुर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। विश्वास हॉस्पिटल के संचालक ने कहा कि उन्होंने ऑपरेशन थिएटर किराये पर दिया था और मरीज के इलाज की व्यवस्था दूसरे अस्पताल के संचालक ने की थी। ओमशांति हॉस्पिटल के संचालक और संबंधित सर्जन का पक्ष नहीं मिल सका।एसीएमओ डॉ. रमित रस्तोगी ने कहा कि ऑपरेशन, जिम्मेदार चिकित्सकों और मेडिकल रिकॉर्ड की जांच की जाएगी। एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह के अनुसार, शिकायत के आधार पर सीएमओ से जांच कराने को कहा गया है। रिपोर्ट के बाद आवश्यक कार्रवाई होगी।
मामले की शिकायत मिली है। इसकी जांच के लिए सीएमओ को कहा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।