पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। वर्ष 2009 में चेन्नई से शुरू हुई हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले की पहल आज राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी है। इस आयोजन का उद्देश्य हिंदू आध्यात्मिक और सामाजिक संस्थाओं के सेवा कार्यों को एक साझा मंच प्रदान करना है, ताकि समाज के सामने उनके योगदान और गतिविधियों को प्रस्तुत किया जा सके। अब इसी परंपरा के तहत कानपुर में 26 नवंबर से हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले का आयोजन प्रस्तावित है। चेन्नई में आयोजित पहले मेले में करीब 40 संस्थाओं ने अपनी गतिविधियों का प्रदर्शन किया था। इसके बाद जयपुर, बेंगलुरु, गाजियाबाद, तिरुवनंतपुरम, गुजरात और हैदराबाद सहित देश के कई शहरों में इस पहल का विस्तार हुआ। वर्ष 2015 में चेन्नई के सातवें मेले में 230 आध्यात्मिक संस्थाओं ने भाग लिया और करीब 12 लाख लोगों के पहुंचने का उल्लेख किया गया। वहीं, बेंगलुरु के 2016 के आयोजन में 258 तथा गाजियाबाद में 113 संस्थाओं ने अपने सेवा कार्यों को प्रदर्शित किया था।नवंबर 2024 में हैदराबाद में आयोजित मेले में 120 से अधिक संस्थाओं और लगभग 180 स्टॉलों की सहभागिता रही। जनवरी 2025 में अहमदाबाद में हुए आयोजन में भी 250 से अधिक सेवा संस्थाओं की भागीदारी की घोषणा की गई थी। इन आयोजनों ने आध्यात्मिकता को सामाजिक सेवा और जनकल्याण से जोड़ने का संदेश दिया।मेले की वैचारिक भावना 'आत्मनो मोक्षार्थं जगद्धिताय च' के सूत्र पर आधारित है, जिसका आशय अपनी आध्यात्मिक उन्नति के साथ समाज के कल्याण के लिए कार्य करना है।कानपुर में प्रस्तावित आयोजन में 200 से अधिक सेवा संस्थाओं की प्रदर्शनियां, आध्यात्मिक कार्यक्रम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विद्यार्थियों की सहभागिता की योजना है। इससे शहर के सामाजिक, सांस्कृतिक और सेवा संगठनों को एक मंच मिलेगा। आयोजन के माध्यम से सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान की ओर से देशभर में निरंतर हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेलों का आयोजन किया जा रहा है। अब तक देश के विभिन्न हिस्सों में 36 मेले आयोजित हो चुके हैं और कानपुर में 37वें मेले का आयोजन किया जा रहा है। इन मेलों का मुख्य उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत करना, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, पारिवारिक और मानवीय मूल्यों का संवर्धन करना तथा नारी सम्मान को प्रोत्साहित करना है। संस्थान इन आयोजनों के माध्यम से समाज में जनजागरण करते हुए लोगों को मानवता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित करने का निरंतर प्रयास कर रहा है। – गुणवंत सिंह कोठारी
200 से अधिक सेवा संस्थाओं के साथ सजेगा सेवा मेला
शहर में 26 से 30 नवंबर तक बृजेंद्र स्वरूप पार्क में हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले का आयोजन होगा। पांच दिवसीय मेले में 200 से अधिक सेवा संस्थाओं की सहभागिता प्रस्तावित है। हिंदू स्पिरिचुअल एंड सर्विस फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित मेले में सामाजिक सेवा, जनकल्याण और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ी प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसके साथ ही आध्यात्मिक कार्यक्रम, भजन-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। बच्चों और युवाओं को जोड़ने के लिए कानपुर के करीब 200 विद्यालयों के विद्यार्थियों को आमंत्रित करने की योजना है। आयोजन की तैयारियां अध्यक्ष राजकुमार लोहिया और कार्यकारी अध्यक्ष सीए नीतू सिंह के नेतृत्व में की जा रही हैं।