
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन ने बुधवार को चौबेपुर कलां ग्राम पंचायत स्थित एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र (आरआरसी सेंटर) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र की कार्यप्रणाली और स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।आरआरसी सेंटर में घर-घर से ई-रिक्शा के माध्यम से कूड़ा एकत्र कर उसका पृथक्करण किया जा रहा है। प्लास्टिक कचरे को प्रोसेसिंग के लिए संबंधित वेस्ट मैनेजमेंट केंद्रों पर भेजा जाता है। वहीं वर्मी कम्पोस्ट इकाई में तैयार जैविक खाद का उपयोग विभिन्न सरकारी संस्थानों में किया जाएगा।जिलाधिकारी ने कूड़ा पृथक्करण और वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन की सराहना करते हुए ग्रामीणों को गीला, सूखा, सैनिटरी और घरेलू हानिकारक कचरा अलग-अलग देने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के तहत वैज्ञानिक तरीके से कचरा निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान डीपीआरओ मनोज कुमार, ग्राम प्रधान अरविंद यादव और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।