news-details

बदहाल सफाई व्यवस्था के लिए चर्चा में ग्राम पंचायत विजयपुर।

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास,महोबा ।विकासखंड पनवाड़ी की ग्राम पंचायत विजयपुर इन दिनों बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर चर्चा में बनी हुई है। गांव में जगह-जगह फैली गंदगी और मुख्य मार्गों पर पड़े कूड़े के ढेरों ने ग्रामीणों का जीवन दूभर कर दिया है। गांव की मुख्य सड़क पूरी तरह गंदगी से पटी पड़ी है, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। हालात इतने खराब हैं कि ग्रामीणों को बदबू, मच्छरों और संक्रमण जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि गांव की नारवापूरा मुखिया फाटक क्षेत्र की स्थिति सबसे ज्यादा खराब बनी हुई है। यहां सड़क किनारे लंबे समय से कचरा जमा है और नालियों की सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। बरसात और गर्मी के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। सड़क पर फैली गंदगी से राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार पंचायत स्तर पर सफाई व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित रह गई है। गांव में नियमित सफाई नहीं होने के कारण चारों ओर गंदगी का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।ग्रामीण रोहित राजपूत, आलोक द्विवेदी, अरविंद, रामहेत, भारत सहित अन्य लोगों ने बताया कि गांव की मुख्य सड़क पर फैली गंदगी से लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। सुबह और शाम के समय सड़क से निकलना मुश्किल हो जाता है। बदबू और मच्छरों के कारण लोग अपने घरों के बाहर बैठने तक से परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द सफाई नहीं कराई गई तो गांव में संक्रामक बीमारियां फैल सकती हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि सफाई कर्मी गांव में नियमित रूप से नहीं आते हैं। कई मोहल्लों में महीनों से सफाई नहीं हुई है, जिससे हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। गांव की नालियां गंदगी से भरी हुई हैं और कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। लोगों का कहना है कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों को साफ-सुथरा रखने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन विजयपुर की हालत उन दावों की पोल खोल रही है।गांव के बुजुर्गों का कहना है कि पहले गांव में समय-समय पर सफाई होती थी, लेकिन पिछले कुछ समय से सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पंचायत की उदासीनता के कारण ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देते हैं, लेकिन जमीन पर कोई कार्य दिखाई नहीं देता।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव की मुख्य सड़क और मोहल्लों में तत्काल सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।