
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी के ओबीसी समाज के लोगों से बहुजन समाज पार्टी के साथ मजबूती से खड़े होकर 2007की तरह 2027में भी उत्तर प्रदेश में आयरन लेडी बहन मायावती जी के नेतृत्व में सरकार बनाने में योगदान की अपील की है। बहुजन समाज पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि ओबीसी समाज का हित बसपा के साथ सुरक्षित है। मंगलवार को ओबीसी समाज की सामाजिक भाईचारा कमेटियों के कार्यों की समीक्षा के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि अन्य दलों की सरकारों की नीति और नीयत में खोट होने के कारण अन्य पिछड़े वर्ग का अपेक्षित विकास नहीं हुआ। बसपा ने दलित और पिछड़े वर्ग की समस्यायों के हल और वास्तविक विकास के लिए अलग अलग मंत्रालय स्थापित किए। राजनीति में भी आगे बढ़ाने का काम किया है। मायावती ने कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समाज के वास्तविक हित और कल्याण की जिम्मेदारी बसपा ही प्रभावी ढंग से निभा सकती है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बसपा सरकार के कार्यकाल में ओबीसी, दलित और अन्य वंचित वर्गों के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए थे। बैठक में मायावती ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के कारण पिछड़े वर्गों के हितों की उपेक्षा की गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर बसपा की नीतियों और पूर्व सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने का आह्वान किया। बसपा प्रमुख ने कहा कि दलित, पिछड़े और अन्य वंचित वर्गों को सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए पार्टी निरंतर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और चुनावी तैयारियों को तेज करने के निर्देश दिए। प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी प्रदेशभर में बैठकें आयोजित कर संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने की दिशा में कार्य करेगी।