
पारदर्शी विकास न्यूज़ गोरखपुर। उत्तर प्रदेश जल निगम की ओर से जल जीवन मिशन के लाभार्थियों को साथ लेकर सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को मुख्य अभियंता इंजीनियर वी.पी. सिंह ने बरौली ग्रामीण पेयजल योजना के लाभार्थियों के साथ ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाकर अभियान की शुरुआत की।मुख्य अभियंता ने बताया कि हर घर को नल से जोड़ने की योजना की घोषणा वर्ष 2019 में हुई थी, जबकि उत्तर प्रदेश में इसका क्रियान्वयन 27 अगस्त 2021 से शुरू हुआ। उनके अनुसार गोरखपुर जिले में जल जीवन मिशन के तहत 819 परियोजनाएं संचालित हैं और अब तक 3,29,600 घरों को जल कनेक्शन दिए जा चुके हैं।उन्होंने बरौली ग्राम पंचायत के लाभार्थियों से नियमित जलापूर्ति को लेकर फीडबैक लिया और पेयजल परियोजना को अपनी संपत्ति मानकर उसके उचित रखरखाव की अपील की।करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से बनी बरौली ग्रामीण पेयजल योजना से लगभग 2,500 लोगों को लाभ मिल रहा है। सोलर पैनल सिस्टम से संचालित योजना के तहत 488 घरेलू कनेक्शन किए जा चुके हैं। अभियान के शुभारंभ पर अधिशासी अभियंता इंजीनियर अखिलानंद सहित सहायक और अवर अभियंता मौजूद रहे।