
PARDARSHI VIKASH NEWS बकरीद की पूर्व संध्या पर रामनगरी अयोध्या में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के नेतृत्व में बुधवार को शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।फ्लैग मार्च में पैरामिलिट्री फोर्स, स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम शामिल रही। अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और त्योहार को भाईचारे व सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। इस दौरान एसपी सिटी चक्रपाणि तिवारी और एडीएम सिटी योगानंद पांडेय भी मौजूद रहे।प्रशासन की ओर से मुस्लिम समुदाय से अपील की गई कि नमाज केवल ईदगाहों और मस्जिदों में ही अदा करें तथा सड़क पर नमाज पढ़कर यातायात बाधित न करें। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि शासन के निर्देशों का पालन हर हाल में सुनिश्चित कराया जाएगा।प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी कि माहौल खराब करने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।28 मई को मनाई जाने वाली बकरीद को लेकर जिलेभर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।