news-details

बकरीद पर जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने जारी की गाइडलाइन

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जमीयत उलेमा-ए-हिंद की उत्तर प्रदेश इकाई ने ईद-उल-अजहा और कुर्बानी को लेकर प्रदेशभर के मुसलमानों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह गाइडलाइन संगठन के अध्यक्ष मौलाना सैयद महमूद असद मदनी और यूपी अध्यक्ष मुफ्ती सैयद मोहम्मद अफ्फान मंसूरपुरी के निर्देश पर जारी की गई है। कानपुर में जमीयत उलेमा उत्तर प्रदेश के महासचिव मौलाना अमीनुल हक अब्दुल्ला कासमी ने जानकारी देते हुए बताया कि बकरीद पर कुर्बानी से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करने की अपील की गई है। गाइडलाइन में कहा गया है कि ईद-उल-अजहा की नमाज केवल मस्जिदों और ईदगाहों के अंदर ही अदा की जाए तथा सड़कों पर नमाज पढ़ने से बचा जाए। साथ ही प्रदेश में प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी न करने और जानवरों की खरीद-फरोख्त में सभी कानूनी नियमों का पालन करने की अपील की गई है। जमीयत ने सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने को भी कहा है। निर्देश में कहा गया है कि खून और गंदगी को नालियों में न बहाया जाए तथा कचरे का उचित निस्तारण किया जाए। किसी भी प्रकार की गंदगी सड़क पर न फैलाने और त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की गई है। मौलाना कासमी ने कहा कि किसी भी असामाजिक तत्व के उकसावे में आने के बजाय तुरंत प्रशासन और पुलिस को सूचना दी जाए। उन्होंने जमीयत की जिला इकाइयों को स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश भी दिए।