
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। हरदोई के थाना बघौली क्षेत्र में भगवान परशुराम जी की मूर्ति स्थापना और मंदिर निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में राष्ट्रीय युवा वाहिनी महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशनी शुक्ला ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए गहरी नाराजगी व्यक्त की है।रोशनी शुक्ला ने कहा कि एक ओर सरकार सनातन संस्कृति, ऋषि परंपरा और महापुरुषों के सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर मंदिर निर्माण और मूर्ति स्थापना में बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रोक से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं।उन्होंने मांग की कि भगवान परशुराम जी की मूर्ति स्थापना और मंदिर निर्माण से जुड़ी सभी बाधाएं तुरंत हटाई जाएं, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान हो सके। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम जी न्याय, साहस और धर्म के प्रतीक हैं और उनकी शिक्षाएं समाज को सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।उन्होंने यह भी कहा कि सनातन धर्म के प्रतीकों का सम्मान करना प्रशासन का नैतिक दायित्व है और इस मामले में शीघ्र सकारात्मक कदम उठाए जाने चाहिए।इस पूरे प्रकरण में राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर भाजपा के प्रदेश सचिव सुधीर भारद्वाज ने भी इस मुद्दे पर समर्थन जताते हुए कहा कि धार्मिक आस्थाओं से जुड़े कार्यों में अनावश्यक बाधा नहीं आनी चाहिए और प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।