
PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा: थाना बसरेहर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे चमनपुरा मोड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 13 लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब अकबरपुर गांव निवासी परिवार पिकअप वाहन से चौबिया थाना क्षेत्र के उनवा संतोषपुर गांव में एक रिश्तेदारी में शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से पिकअप की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान 50 वर्षीय राजेश की मौत हो गई, जबकि राजबहादुर और शिवबती की हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर किया गया। अन्य घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायलों में सात महिलाएं और छह पुरुष शामिल हैं।थानाध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।