
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशानुरूप एवं राज्य कर विभाग के आयुक्त के निर्देशन में सोमवार को मानस सभागार, कलेक्ट्रेट मुख्यालय औरैया में भामाशाह जयंती के अवसर पर "व्यापारी कल्याण दिवस" का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने की, जबकि मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद औरैया के अध्यक्ष अनूप कुमार गुप्ता रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा दानवीर भामाशाह के जीवन एवं राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। वक्ताओं ने भामाशाह के त्याग, राष्ट्रभक्ति एवं समाज सेवा के आदर्शों को याद करते हुए व्यापारियों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।इस अवसर पर जिले के 10 सर्वोच्च करदाता व्यापारियों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें गेल इंडिया लिमिटेड के महाप्रबंधक (जीएम) जिले के सर्वोच्च करदाता के रूप में सम्मानित किए गए।समारोह में जिला उद्योग विभाग, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी तथा जिले के सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन व्यापारियों के सम्मान और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की सराहना के साथ हुआ।