
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा।समाजवादी पार्टी कार्यालय बिजली खेड़ा में आयोजित प्रेसवार्ता में बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव ने जिले में बढ़ते अवैध खनन, ओवरलोडिंग और पर्यावरणीय क्षति को गंभीर मुद्दा बताते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बांदा का लगातार देश के सबसे गर्म जिलों में शामिल होना चिंता का विषय है और इसके पीछे अनियंत्रित खनन तथा प्राकृतिक संसाधनों का दोहन प्रमुख कारण है।विधायक ने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में नदियों और पहाड़ों का अंधाधुंध दोहन किया जा रहा है। केन, बागेन और अन्य नदियों में नियमों को ताक पर रखकर खनन हो रहा है, जबकि पहाड़ों को डायनामाइट से उड़ाया जा रहा है। इससे पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है और भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है।उन्होंने कहा कि बांदा में हर वर्ष लाखों पौधे रोपने के दावे किए जाते हैं, लेकिन वन क्षेत्र में अपेक्षित वृद्धि दिखाई नहीं देती। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। विधायक ने चरका खदान क्षेत्र में सड़क पर मिट्टी डालकर आवागमन बाधित किए जाने का भी मुद्दा उठाया और कहा कि बरसात में इससे 15 से 20 गांव प्रभावित हो सकते हैं।उन्होंने प्रशासन से अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई, रास्तों को तत्काल दुरुस्त कराने और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। प्रेसवार्ता में सपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।